भाजपा सरकार का काला चिट्ठा खोलेगी कांग्रेस, चार्जशीट कमेटी की बैठक में बनी रणनीति

बेरोजगारी, महंगाई, भू-कानून और भ्रष्टाचार होंगे आरोप पत्र के मुख्य मुद्दे : करण माहरा

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सोमवार को पार्टी की चार्जशीट कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने की। बैठक में प्रदेश सरकार के खिलाफ जनविरोधी नीतियों, विफलताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर एक व्यापक आरोप पत्र तैयार करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए करण माहरा ने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, खनन में अनियमितताएं, भूमि घोटाला, महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था और ठप पड़े विकास कार्यों से प्रदेश की जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए मजबूत चार्जशीट तैयार कर रही है।

बैठक में तय किया गया कि आरोप पत्र में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, महिला सुरक्षा और भू-कानून जैसे संवेदनशील मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। माहरा ने कहा कि भ्रष्टाचार को उजागर करना पार्टी की पहली प्राथमिकता है और सरकार के कार्यकाल में हुए विभिन्न घोटालों तथा प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े तथ्य संकलित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका मकसद भाजपा सरकार की वास्तविकता जनता के सामने लाना है।

बैठक में चार्जशीट कमेटी के सदस्यों ने आगामी दिनों में इस आरोप पत्र को जनता के बीच ले जाने और ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक व्यापक आंदोलन छेड़ने की रूपरेखा भी तैयार की। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रेम बाखुंडी, प्रतिमा सिंह और अमरजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उपस्थित पदाधिकारियों और नेताओं ने रणनीति को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।

बैठक के अंत में तय किया गया कि कांग्रेस इस चार्जशीट के माध्यम से सरकार को घेरेगी और जनता की अदालत में उसकी विफलताओं को मजबूती से रखेगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments