

देहरादून । जनपद देहरादून में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध जनजागरूकता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 14 सितंबर से 30 सितंबर तक विशेष नशामुक्ति शपथ अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान 14 सितंबर को प्रातः 11 बजे ऋषिपर्णा सभागार में इस अभियान का शुभारंभ करेंगे।
अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग सेंटरों, छात्रावासों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों, होटल एवं होम स्टे में व्यापक स्तर पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ दिलाई जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।
इसी प्रकार सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निगम कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेंगे। ग्राम पंचायतों, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में स्थानीय नागरिकों और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
उद्योग विभाग द्वारा जनपद की फैक्ट्रियों, निर्माण इकाइयों एवं कॉर्पोरेट कार्यालयों में श्रमिकों और कार्मिकों को शपथ दिलाई जाएगी। वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में राजकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन शपथ दिलाई जाएगी।
जिला पर्यटन अधिकारी द्वारा छात्रावासों, होम स्टे एवं होटलों में शपथ अभियान आयोजित कर प्रमाण-पत्र संकलित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर सहित अन्य खेल प्रशिक्षण केंद्रों में भी सामूहिक शपथ कार्यक्रम होंगे।
अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन शपथ लेकर प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। सभी विभागों एवं संस्थानों से अपेक्षा की गई है कि शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें। शपथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं संकलित सूचना संबंधित विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अधिक से अधिक लोग अभियान में भाग लें और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाते हुए नशामुक्ति की शपथ लें।

Recent Comments