पौड़ी में डीएम स्वाति भदौरिया के नेतृत्व में मनाई गई गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती

छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं से किया पंत जी के त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन

पौड़ी। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर पौड़ी गढ़वाल जनपद में गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और प्राचार्य डॉ वी के बंगा ने पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने छात्रों की चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

इसके बाद जिला कार्यालय प्रांगण में जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य कार्यक्रम हुआ, जहां नेहरू मोंटेसरी स्कूल की छात्राओं ने लोकनृत्य और गीत प्रस्तुत किए, जीजीआईसी पौड़ी की छात्राओं ने लघु नाटिका के जरिए पंत के जीवन संघर्ष को दर्शाया, वहीं आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 की एक बालिका ने कविता पाठ किया।

जिलाधिकारी भदौरिया ने कहा कि पंत का जीवन त्याग, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल है और युवा पीढ़ी को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए प्रश्नोत्तरी भी की, जिसमें सेंट थॉमस स्कूल की आयत अंसारी और राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की दीपिका रावत ने सही उत्तर देकर पुरस्कार जीते।

कार्यक्रम में शहर के विद्यालयों में हुई चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। साथ ही युवा कल्याण विभाग के डिजिटल युवा महोत्सव के तहत पुश-अप, स्किपिंग, फोटोग्राफी और फिटनेस चैलेंज जैसी प्रतियोगिताओं के विजेता युवाओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान सहित कई अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments