

देहरादून। गढ़वाल क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। प्राइवेट बसों के संचालन को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है और कल से सभी रूटों पर बस सेवाएं फिर से सामान्य रूप से चलेंगी। पिछले दो-तीन दिनों से गढ़वाल मंडल में निजी स्टेज कैरिज बसों के संचालन में आ रही बाधा और सोशल मीडिया पर बसों को रोके जाने की चर्चाओं से यात्रियों को हो रही परेशानी अब दूर हो गई है।
दरअसल, बस यूनियनों के बीच रूट विस्तार और समय-सारिणी को लेकर मतभेद चल रहा था। कई स्थानों पर बसों को रोकने और यात्रियों को परेशान किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही थीं, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी समस्या के समाधान के लिए 19 सितंबर को संभागीय परिवहन कार्यालय, देहरादून में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) संदीप सैनी ने की। बैठक का उद्देश्य सभी बस यूनियनों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर यात्री सेवाओं को बाधा रहित करना था।
बैठक में आम यात्रियों के हित में दो अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए:
1. तय टाइम-टेबल के अनुसार ही होगा संचालन: आरटीए देहरादून द्वारा जिन मार्ग विस्तार सेवाओं का काउंटर सिग्नेचर और पृष्ठांकन किया गया है, वे सभी बसें निर्धारित समय-सारिणी के मुताबिक ही चलेंगी। आज की बैठक में तय की गई अस्थायी समय-सारिणी का सभी को पालन करना होगा। बिना समय-सारिणी के किसी भी नई बस सेवा को शुरू करने की अनुमति नहीं होगी।
2. जबरन बस रोकने पर होगी कड़ी कार्रवाई: यह साफ निर्देश दिया गया है कि कोई भी बस यूनियन संचालन में रुकावट नहीं डालेगा। यदि संचालन के दौरान मारपीट या अवैध रूप से बस रोकने की कोई घटना हुई तो संबंधित परमिट के खिलाफ सीधी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस फैसले के बाद देहरादून-गढ़वाल, विकासनगर, ऋषिकेश, मसूरी सहित अन्य पहाड़ी मार्गों पर बस सेवाएं पूरी तरह से सामान्य हो जाएंगी। आरटीओ प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यदि कहीं भी बस रोके जाने की घटना सामने आती है तो वे तुरंत आरटीओ कंट्रोल रूम को सूचना दें।
बैठक में एआरटीओ विकासनगर मनीष तिवारी, एआरटीओ ऋषिकेश रावत सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन देहरादून रत्नाकर सिंह, यूकेएसटीआरसी के आरएम प्रतीक जैन, परिवहन निगम मुख्यालय की आरएम पूजा कहरा, परमिट इंचार्ज विनोद चमोली के अलावा विभिन्न यूनियनों से यातायात अध्यक्ष सुधीर राय, विकासनगर-डाकपत्थर अध्यक्ष राम कुमार सैनी, टीजीएमओ अध्यक्ष जितेंद्र नेगी, जीएमओयू अध्यक्ष गजे सिंह रौथाण और रूपकुंड अध्यक्ष भोपाल सिंह नेगी मौजूद रहे।

Recent Comments