

डीएवी और डीबीएस में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी घोषित, एमकेपी में पूरा पैनल मैदान में
देहरादून। छात्रसंघ चुनाव को लेकर एनएसयूआइ ने दून के तीन प्रमुख महाविद्यालयों में अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी और जिला अध्यक्ष हिमांशु रावत ने कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।
डीएवी पीजी कॉलेज में एनएसयूआइ ने अध्यक्ष पद के लिए सौरभ सेमवाल को प्रत्याशी बनाया है, जबकि डीबीएस पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद की कमान अभिनव कफलिया को सौंपी गई है। दोनों कॉलेजों में फिलहाल अध्यक्ष पद के लिए ही नाम घोषित किए गए हैं।

एमकेपी पीजी कॉलेज में संगठन ने रणनीति के तहत पूरा पैनल मैदान में उतारा है। यहां अध्यक्ष पद के लिए प्राची शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मोनिका को दी गई है, सहसचिव पद के लिए संजना और महासचिव पद के लिए प्रीति को प्रत्याशी घोषित किया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर मोनिका रौथान और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए सलोनी को उतारा गया है।
छात्रसंघ चुनाव की तिथि 29 सितंबर निर्धारित होने के बाद से दून के महाविद्यालयों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही छात्र संगठनों ने प्रचार अभियान और छात्र-छात्राओं से सीधे संपर्क साधने की गतिविधियां तेज कर दी हैं। आने वाले दिनों में अन्य महाविद्यालयों में भी विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा की उम्मीद है, जिससे चुनावी माहौल और गरमाने के आसार हैं।


Recent Comments