

देहरादून (विकासनगर)। कल्याणपुर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बंद मकान के भीतर गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक युवक मृत पड़ा था, जबकि महिला लहूलुहान स्थिति में तड़प रही थी। पुलिस ने आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:19 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कल्याणपुर स्थित एक बंद मकान से गोली चलने की आवाज आई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विकासनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा तो अंदर कमरे का मंजर देखकर सब सन्न रह गए।
मृतक और घायल की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक पुरुष की पहचान कमलेश (पुत्र दौलत सिंह), निवासी हयो (थाना चकराता, देहरादून) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान संगीता नेगी (पत्नी प्रीतम सिंह), निवासी ग्राम भटाणु (त्यूणी, जनपद देहरादून) के रूप में हुई है।
किराए के मकान में रहती थी महिला
शुरुआती छानबीन में पता चला कि उक्त मकान रविंद्र बिष्ट (पुत्र त्रिलोक सिंह) का है। घायल महिला संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ यहां किराए पर रहती थी।
मौके से मिला तमंचा और कारतूस
घटनास्थल से पुलिस को एक 315 बोर का तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं (गृह क्लेश, आपसी रंजिश या अन्य) की गहनता से जांच की जा रही है, जांच के बाद ही गोली चलने की असली वजह सामने आ पाएगी।

Recent Comments