छत्तीसगढ़ से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम धामी से की शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, तीव्र विकास, पर्यटन संभावनाओं व सुशासन मॉडल से कराया अवगत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में छत्तीसगढ़ से आए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों का देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि राज्य केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि तेजी से विकास के नए आयाम गढ़ने वाला प्रदेश भी बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के पत्रकारों का उत्तराखंड भ्रमण यहां की सांस्कृतिक, सामाजिक और विकास यात्रा को नजदीक से समझने का अच्छा मौका है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और हिमालयी सभ्यता का जिक्र करते हुए चारधाम, पंचकेदार, पंचबदरी, पंचप्रयाग, हेमकुंड साहिब, पूर्णागिरि, जागेश्वर, आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे तीर्थ स्थलों को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाकर काम कर रही है, जिसके तहत धार्मिक पर्यटन के साथ साहसिक पर्यटन, ईको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म और होमस्टे आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की आदि कैलाश यात्रा के बाद इस सीमांत आध्यात्मिक स्थल को वैश्विक पहचान मिली है, जिससे सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां काफी बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य में 25 करोड़ से अधिक पर्यटक व श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। साथ ही सरकार उत्तराखंड को वर्षभर पर्यटन वाले राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिसमें शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देना खास प्राथमिकता है, ताकि शीतकालीन गद्दी स्थलों के आसपास स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मजबूती मिल सके।

केदारनाथ और बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत हो रहे पुनर्विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इन धामों में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिससे तीर्थयात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ धार्मिक विरासत का संरक्षण भी सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार से राज्य तक पहुंच और सुगम होगी, जिससे पर्यटन व निवेश दोनों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के तेजी से हो रहे विस्तार का भी जिक्र किया और कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता व जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। निवेश, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, युवा कौशल विकास और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई अहम पहल की गई हैं। उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ से आए पत्रकार उत्तराखंड की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अपने अनुभव व्यापक स्तर पर साझा करेंगे, जिससे देवभूमि की सकारात्मक छवि और मजबूत होगी।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के माध्यम से समस्त छत्तीसगढ़वासियों को आगामी कुंभ मेले में उत्तराखंड आने का आमंत्रण भी दिया और इसे भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा व सामाजिक समरसता का विराट पर्व बताया। पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत करने और समय देने के लिए आभार जताया तथा राज्य में हो रहे विकास कार्यों व जनहितकारी पहलों की सराहना की।

इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, छत्तीसगढ़ सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक धनंजय राठौर सहित छत्तीसगढ़ से आए 20 से अधिक पत्रकार मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments