

देहरादून /विकास नगर। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान में विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस मामलों में वांछित 60 वर्षीय महिला हिस्ट्रीशीटर परवीन उर्फ पिन्नो को पुलिस ने 6.98 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को दिलदार और 3 सितंबर को आशिफ को स्मैक के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में दोनों ने बताया था कि उन्होंने स्मैक कुंजाग्रांट निवासी परवीन उर्फ पिन्नो से खरीदी थी। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 29 एनडीपीएस के तहत विवेचना शुरू कर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया।
7 सितंबर को नायब तहसीलदार ग्यारू दत्त जोशी की मौजूदगी में पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली तो रोटी बनाने वाले चकले के पीछे छिपाकर रखी गई 6.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी महिला के खिलाफ अलग से एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मामला शांत होने के बाद उसने फिर से स्मैक बेचना शुरू कर दिया था। आरोपी महिला पर पहले से ही चोरी और नशा तस्करी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुकी है।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी डाकपत्थर सतेंद्र सिंह, उप निरीक्षक सनोज कुमार, महिला उप निरीक्षक रूबी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Recent Comments