थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता का संदेश, देहरादून में ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन में उमड़ा जनसैलाब

खेल मंत्री रेखा आर्या ने फिटनेस और थैलेसीमिया जागरूकता का संदेश दिया।

देहरादून। थैलेसीमिया जैसी आनुवंशिक बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को देहरादून में ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का आयोजन किया गया। पवेलियन ग्राउंड से शुरू हुई इस दौड़ को प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए फिटनेस और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

वीरा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित मैराथन पवेलियन ग्राउंड से शुरू होकर कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्मकमल चौक से गुजरते हुए पुनः पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नियमित व्यायाम और खेलकूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के बारे में जनजागरूकता फैलाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में रोहित ने पहला, अर्जुन ने दूसरा और हिमांशु बिष्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव विजेता रहीं, जबकि सोनाक्षी दूसरे और आराधना तीसरे स्थान पर रहीं।

इसके अलावा पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड की छात्राओं नीतू यादव, राधिका, अर्चना और जीविका ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस प्रतिभागियों में स्थान बनाया और विद्यालय का नाम रोशन किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्या, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव रंजन कुमार, वीरा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. रितु डोभाल, रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल की अध्यक्ष अंजना साहनी तथा नीतू सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments