दिल्ली/देहरादून ।ऑल इंडिया आंगनवाड़ी एम्प्लॉयज फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक रविवार, 28 दिसंबर 2025 को दिल्ली के करोल बाग में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में देशभर से आए विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल होंगे और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
बैठक का मुख्य एजेंडा मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा, कार्य परिस्थितियों में सुधार और आगामी आंदोलनात्मक रणनीति तय करना होगा।
फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव सावित्री चौधरी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मानदेय वृद्धि की मांग लंबे समय से लंबित है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2025–26 के बजट में 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा है, जो स्वागतयोग्य जरूर है, लेकिन पर्याप्त नहीं। कई राज्यों द्वारा अपना मानदेय बढ़ाए जाने से साफ है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग न्यायसंगत और व्यवहारिक है।
फेडरेशन ने अपनी मुख्य मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा, मानदेय में स्थायी वृद्धि, पेंशन, ग्रेच्युटी व पदोन्नति की व्यवस्था शामिल की है। साथ ही फेस कैप्चर प्रणाली को तत्काल समाप्त करने की भी मांग की गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला खत्री ने सरकार से अपील की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण महिला कार्यबल को सम्मान और सुरक्षा मिल सके। फेडरेशन ने मीडिया से बैठक और इससे जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से स्थान देने का आग्रह किया है।

Recent Comments