
कब्जे से मिली 394 ग्राम अवैध चरस, पूछताछ में तस्कर ने उगले चौंकाने वाले राज़
दिहाड़ी मजदूरी की आड़ में चला रहा था नशे का धंधा, खुद भी था नशे का आदी
देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के विजन को साकार करने और वर्तमान में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना रायपुर पर गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान 02 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर गुरुद्वारा रोड के सामने से जसोवाला सपेरा बस्ती, सहसपुर निवासी 20 वर्षीय सोहिन (पुत्र संजय कुमार) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 394 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। अभियुक्त के विरुद्ध थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला सच यह है कि अभियुक्त सोहिन आसपास के क्षेत्रों में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है और खुद भी नशे का आदी है। उसने पुलिस को बताया कि वह स्थानीय नशेड़ियों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सस्ते दामों पर चरस खरीदकर लाता था, जिसे वह अन्य नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने के साथ-साथ अपनी नशे की जरूरतें भी पूरी करता था। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में और सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक साहिल वशिष्ठ (चौकी प्रभारी बालावाला), कांस्टेबल सुरेश रमोला और कांस्टेबल मोहित सैलानी की अहम भूमिका रही।

Recent Comments