

रुड़की। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के रुड़की स्थित देव फार्म हाउस में सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता के उद्देश्य से भव्य “कलश वंदन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भागीदारी की।
रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संत रविदास जी महाराज के जयघोष एवं भक्तिभाव के बीच भव्य “कलश वंदन यात्रा” निकाली गई। मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं कलश वंदन किया गया। इस दौरान संत रविदास जी के भजनों की प्रस्तुति दी गई तथा उनके चरणों में श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने अपने विचारों और कार्यों से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उनका जीवन सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।

राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने कहा कि गुरु रविदास जी को केवल जयंती पर स्मरण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के आधार पर भेदभाव न करने और जरूरतमंदों की सहायता करने का संकल्प ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान कलश वंदन यात्रा के तहत विभिन्न मंडलों को कलश वितरित किए गए।
इस अवसर पर राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, प्रदेश अनुसूचित मोर्चा महामंत्री विनोद कुमार लक्खा, रुड़की भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, अनुसूचित मोर्चा रुड़की जिलाध्यक्ष नीटू सिंह मंडावर, मीडिया संयोजक रणजीत सिंह जाखी, दयाराम, आनंद कुमार, जितेन्द्र कुमार, वेजयंती माला, नरेंद्र कुमार, शुभम एवं डॉ. हर्ष कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Recent Comments