
देहरादून में AAP प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और मंदिरों में चढ़ावा चोरी को लेकर सरकार को घेरा, 2027 में दिल्ली-पंजाब मॉडल लागू करने का संकल्प
देहरादून। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव की अध्यक्षता में अग्रवाल भवन, प्रिंस चौक, देहरादून में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के 13 जिलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संगठन मंत्री तथा महिला, युवा, किसान एवं मीडिया प्रकोष्ठ के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मौजूद प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा एक महिला को प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपे जाने से यह संदेश गया है कि महिला शक्ति परिवार संभालने के साथ-साथ प्रदेश का नेतृत्व करने में भी पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य धामी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आगामी रणनीति तैयार करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है।
बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। पार्टी ने “स्वास्थ्य का सच” अभियान को और तेज करने का ऐलान किया। बताया गया कि 25 और 26 जून को प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पतालों का निरीक्षण किया, जिसमें भारी अव्यवस्थाएं सामने आईं। इसके बाद पदाधिकारियों ने डीजी हेल्थ को ज्ञापन सौंपकर दवाओं, डॉक्टरों और डायग्नोस्टिक सुविधाओं की भारी कमी से अवगत कराया, लेकिन सरकार इस पर मौन बनी हुई है।
महिलाओं को लेकर पार्टी ने एक बड़ा वादा किया। प्रदेश प्रभारी ने पंजाब मॉडल की तर्ज पर उत्तराखंड की 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला को ₹1000 प्रतिमाह सम्मान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने राज्य सरकार को महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि पार्टी सत्ता में आने पर हर महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए यह राशि दी जाएगी।

प्रदेश प्रभारी ने केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा सरकारों पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर हिंदू-मुस्लिम आधार पर वोट मांगने वाली भाजपा ने खुद राम मंदिर को भी नहीं बख्शा, जहां चढ़ावे की लूट हुई। इसी तरह प्रदेश के चारधाम भी इससे अछूते नहीं रहे — पिछले साल केदारनाथ धाम से सोना चोरी का मामला सामने आया था और अब बद्रीनाथ धाम से भी चढ़ावा चोरी की खबरें आ रही हैं।
बैठक में अंकिता भंडारी हत्याकांड में हो रही देरी और नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाली उत्तराखंड की बेटी के मामले पर भी गहरी चिंता जताई गई। प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया कि सरकार वीआईपी को बचाने में जुटी है और बेटियों को न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने करोड़ों की लागत से बनी स्मार्ट सिटी परियोजना के पहली ही बरसात में जलमग्न होने का जिक्र करते हुए इसे बड़ा भ्रष्टाचार बताया और सरकार से बीते पांच वर्षों के खर्च का श्वेत पत्र जारी करने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित करने की घोषणा की।
संगठन विस्तार को लेकर प्रदेश प्रभारी ने अगले दो महीनों में हर बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता तैनात करने तथा महिला व युवा विंग को सक्रिय करने का लक्ष्य तय किया। बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने को लेकर अपने विचार साझा किए।
महेंद्र यादव ने कहा, “उत्तराखंड में भाजपा ने सिर्फ नारे दिए, काम नहीं किया। न स्वास्थ्य ठीक हुआ, न शिक्षा, न रोजगार। अब जनता विकल्प मांग रही है, और वो विकल्प आम आदमी पार्टी है। हम सड़क पर भी लड़ेंगे और 2027 में सत्ता में आकर दिल्ली-पंजाब मॉडल उत्तराखंड में लागू करेंगे।” बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी सहित सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Recent Comments