मदरसा बोर्ड समाप्ति से अल्पसंख्यक बच्चों को मिलेगा तरक्की का रास्ता : भट्ट

तुष्टिकरण छोड़ रचनात्मक सहयोग करे कांग्रेस: भाजपा

देहरादून । भाजपा ने उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड की समाप्ति और अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के आगाज का पुरजोर स्वागत किया है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने इसे अल्पसंख्यक समाज के बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने और उन्हें ‘तरक्की का खुला आसमान’ देने वाला एक क्रांतिकारी कदम बताया है। साथ ही सभी वर्गों विशेषकर कांग्रेस से दलगत राजनीति और संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर राज्य और समाज हित में सहयोग का आग्रह किया है।

राज्य सरकार की इस ऐतिहासिक पहल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अस्तित्व में आने से अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार होगा। इससे इस समाज के सभी वर्गों मुस्लिम, सिख, जैन आदि के बच्चों को अब शिक्षा के समान अवसर प्राप्त होंगे। अब बच्चों को पारंपरिक दायरे से बाहर निकालकर आधुनिक शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और कौशल विकास से जोड़ा जाएगा। इस व्यवस्था से मिलने वाली डिग्रियों और प्रमाणपत्रों को सार्वजनिक व निजी क्षेत्र के करियर में उचित महत्व मिलेगा, जिससे अल्पसंख्यक समाज के युवाओं की तरक्की का मार्ग प्रशस्त होगा।

श्री भट्ट ने कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि विपक्ष वाकई चाहता है कि अल्पसंख्यक समाज के बच्चों को आधुनिक शिक्षा मिले, उनकी डिग्रियों को मान्यता मिले और वे मुख्यधारा में शामिल होकर आगे बढ़ें, तो उन्हें देवभूमि उत्तराखंड में की गई इस अभिनव पहल का स्वागत और सहयोग करना चाहिए। उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश ऐसा होता नहीं दिख रहा है। कांग्रेस के नेता और कुछ अन्य निहित स्वार्थी संगठन केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने और तुष्टिकरण की नीति के तहत मुस्लिम समुदाय को भड़काने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि विपक्ष के किसी भी भ्रामक प्रचार का सरकार और संगठन पर कोई असर नहीं होने वाला है। हम उत्तराखंड की जनसांख्यिकी की सुरक्षा, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और अल्पसंख्यक संस्थानों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और इस दिशा में बिना रुके कार्य करते रहेंगे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments