
हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। सोमवती अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बाद पंतद्वीप मैदान और आसपास फैली गंदगी को हटाने के लिए आज व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान 21 जून रविवार को भी जारी रहेगा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं स्वच्छता अभियान की संयोजक मीरा रावत ने बताया कि DM मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवती अमावस्या के बाद उत्पन्न कूड़े को तत्काल हटाने के लिए 20 और 21 जून को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए DM ने सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संस्थानों, सरकारी-गैर सरकारी संस्थाओं, संत समाज, व्यापार मंडल, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों और आमजन से सहयोग की अपील की है, ताकि हरिद्वार को साफ-सुथरा और सुंदर बनाया जा सके।
आज पंतद्वीप मैदान और आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-करकट को हटाकर पूरे इलाके को साफ-सुथरा और व्यवस्थित किया गया। इस कार्य में आपदा प्रबंधन विभाग, जल निगम, नगर निगम और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और कई स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Recent Comments