देहरादून: उत्तराखंड के त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के पहले चरण में जनता ने भारतीय जनता पार्टी को करारी शिकस्त देते हुए जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनावों में सबक सिखाया। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन, सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा भाजपा ने जनता के फैसले को शालीनता से स्वीकार करने के बजाय पहले दिन से ही घोषणा कर दी कि वह किसी भी सूरत में सभी 12 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत प्रमुख अपने बनाएगी।
धस्माना ने कहा कि 2014 के बाद से भाजपा हार को स्वीकारना छोड़ चुकी है और हर संभव हथकंडा अपनाकर हारी हुई बाजी को जीतने की कोशिश करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जिलों में भाजपा ने धन बल, सत्ता बल और छल-कपट का इस्तेमाल करते हुए दूसरे दलों और निर्दलीय विजयी सदस्यों को अपने पाले में कर लिया, जिससे अनैतिक जीत हासिल की गई। इसके बावजूद कई जिलों और क्षेत्र पंचायतों में कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित बोर्ड बनने जा रहे हैं।

Recent Comments