चारधाम यात्रा से पहले एसटीएफ का साइबर फ्रॉड पर बड़ा वार, 180 फर्जी लिंक व 10 संदिग्ध वेबसाइटें कराईं निष्क्रिय

देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशन में चारधाम यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित बनाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने साइबर ठगों के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ दिया है। एसटीएफ की निगरानी में विशेष “सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं एक्शन टीम” लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है, ताकि केदारनाथ समेत चारधाम यात्रा के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी को समय रहते रोका जा सके।

एसटीएफ के अनुसार, साइबर अपराधी हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइट, फेसबुक विज्ञापन पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे थे। अब तक 180 फर्जी सोशल मीडिया लिंक टेकडाउन कराए गए हैं और 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को बंद या ब्लॉक कराने के लिए डॉट को अनुरोध भेजा गया है।

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर संचालित 10 संदिग्ध वेबसाइटों को चिन्हित कर उन्हें निष्क्रिय कराया गया है। एसटीएफ ने इन डोमेन रजिस्ट्रारों को रिपोर्ट भेजकर डिजिटल ठगी के नेटवर्क पर असरदार चोट की है।

एसटीएफ ने संगठित तरीके से चल रहे इस नेटवर्क के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए हैं। एक राज्य से जुड़े 147 लिंक संचालकों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों पर विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किए गए हैं, ताकि इस पूरे गिरोह की कड़ी दर कड़ी जांच की जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट www.heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही करें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अन्य वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक या व्हाट्सएप संदेश के जरिए टिकट बुकिंग का प्रयास न करें, क्योंकि इससे साइबर ठगी का शिकार होने का खतरा रहता है।

एसटीएफ ने चारधाम यात्रा के लिए व्हाट्सएप रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी साझा की है। इसके तहत आधिकारिक नंबर +91-8394833833 को सेव कर “Yatra” संदेश भेजना होगा, जिसके बाद मिलने वाले आधिकारिक चैटबॉट निर्देशों के अनुसार यात्रा विवरण और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

उत्तराखंड STF द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। एसटीएफ ने कहा है कि साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments