

देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के डीएम कार्डियोलॉजी फाइनल ईयर रेजीडेंट डॉ. जयकृत चौधरी ने प्रतिष्ठित जेड.वाई.एम.ई.ए. कार्डियोलॉजी नेशनल क्विज फिनाले में दूसरा स्थान हासिल किया है। अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, गहन चिकित्सकीय ज्ञान और क्लिनिकल समझ का प्रदर्शन करते हुए डॉ. चौधरी ने देश की शीर्ष 6 फाइनलिस्ट टीमों में जगह बनाई और नेशनल फिनाले के लिए क्वालीफाई किया।
गौरतलब है कि डॉ. जयकृत चौधरी उत्तराखण्ड से इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के नेशनल फिनाले के लिए चयनित होने वाले एकमात्र कार्डियोलॉजिस्ट हैं। देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों से प्रतिभाग करने वाले चिकित्सकों के बीच अपनी जगह बनाना उनके लिए महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि है, जिससे उन्होंने न केवल अस्पताल और देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखण्ड की मेडिकल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
बता दें कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में डीएम कार्डियोलॉजी की 6 सीटें उपलब्ध हैं। अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने डॉ. जयकृत चौधरी और कार्डियोलॉजी विभाग की पूरी टीम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वहीं कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कैथ लैब डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. तनुज भाटिया ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विभाग के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है, और नेशनल फिनाले तक पहुंचना डॉ. जयकृत की प्रतिभा व मेहनत का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि जेड.वाई.एम.ई.ए. कार्डियोलॉजी नेशनल क्विज फिनाले देशभर के युवा एवं प्रतिभाशाली पोस्टग्रेजुएट चिकित्सकों के बीच चिकित्सा ज्ञान, क्लिनिकल समझ, त्वरित निर्णय क्षमता और नवीनतम चिकित्सकीय जानकारी को परखने वाली एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अकादमिक प्रतियोगिता है। इसमें कार्डियोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी और इंटरनल मेडिसिन जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा क्षेत्रों से संबंधित विषयों के माध्यम से प्रतिभागियों की विशेषज्ञता व क्लिनिकल सोच का आकलन किया गया, जिसमें कठिन एवं प्रतिस्पर्धात्मक चरणों के बाद शीर्ष 6 टीमें नेशनल फिनाले के लिए चुनी गईं।

Recent Comments