गढ़वाल विवि और सीटीसी एसएसबी के बीच हुआ अहम समझौता, शिक्षा, प्रशिक्षण और आपदा प्रबंधन में मिलकर करेंगे कार्य

श्रीनगर गढ़वाल । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय और केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र (सीटीसी) एसएसबी के बीच सोमवार को आपसी सहयोग और समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान, कौशल विकास, खेल, योग, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

एमओयू के तहत विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कार्मिकों के लिए समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। दोनों संस्थानों ने इस पहल को ज्ञान, अनुभव और संसाधनों के आदान-प्रदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में इसे और व्यापक स्वरूप देने पर सहमति जताई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक संस्थानों और सुरक्षा बलों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के सहयोग से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और आपदा जैसी परिस्थितियों से निपटने की व्यावहारिक समझ प्राप्त होगी। साथ ही सुरक्षा बलों को भी विश्वविद्यालय के शोध और अकादमिक विशेषज्ञता का लाभ मिलेगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। वहीं सीटीसी एसएसबी श्रीनगर के डीआईजी सुभाष चंद्र नेगी ने इसे शिक्षा और सुरक्षा संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर एसएसबी के कमांडेंट एसबी चंद, कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी, उप कमांडेंट अरुण बियाला, प्रो. महेंद्र बाबू कुरुवा तथा सहायक कुलसचिव एसपी बादल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments