केंद्रीय संचार ब्यूरो की पहल, यूआईटी में जागरूकता अभियान का शुभारंभ

भाषण व नृत्य प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय (यूआईटी) परिसर में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में विकासनगर से विधायक मुन्ना सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि देहरादून कैंट से विधायक सविता कपूर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. धर्म बुढ़ी (कुलपति, उत्तरांचल विश्वविद्यालय), प्रो. डॉ. राजेश बहुगुणा (उप-कुलपति), प्रो. डॉ. कार्तिकेय गौड़ (निदेशक, छात्र कल्याण विभाग) तथा श्री जितेंद्र जोशी (अध्यक्ष, उत्तरांचल विश्वविद्यालय) भी मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग का स्टॉल तथा आंगनबाड़ी का स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जहां आगंतुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि खेलों में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है और समाज में महिलाओं को सम्मान देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया।

अभियान के तहत दूसरे दिन भाषण एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने प्रथम, शुभांगी ने द्वितीय, ईशा मेहता ने तृतीय तथा विशाल वर्मा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं सरकारी योजनाओं जैसे विषयों पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए।
नृत्य प्रतियोगिता में समूह-3 की निकिता राणा, नेहा धामी, दिया भट्ट, आकांक्षा एवं वंशिका की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। समूह-2 की जिया और दिया की जोड़ी द्वितीय स्थान पर रही, जबकि हेमलता, काजल और प्रकृति की टीम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। निर्णायकों ने कोरियोग्राफी, अभिव्यक्ति, समन्वय, मंच प्रस्तुति एवं वेशभूषा के आधार पर अंक प्रदान किए।
कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल, नोडल ऑफिसर एनएसएनएल कार्यक्रम अधिकारी, गोपेश बिष्ट आनंद सिंह, पीयूष, राहुल, हेमंत कुमार, दीवान सिंह का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन का दायित्व योगेंद्र पोली ने संभाला।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments