अल्मोड़ा । कांग्रेस की ‘अंकिता भंडारी न्याय यात्रा’ सोमवार को अल्मोड़ा में निकाली गई, जिसमें पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) सदस्य करन माहरा ने नेतृत्व किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों ने इस यात्रा में भाग लिया।
करन माहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और राज्य की बेटियों की इज़्ज़त के लिए उठी निर्णायक आवाज़ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब स्पष्ट कह रही है कि न्याय के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं है।
माहरा ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, “अंकिता भंडारी हत्याकांड में आज तक यह सवाल अनुत्तरित है कि आखिर किस ‘वीआईपी’ को बचाने के लिए सरकार ने सच्चाई पर पर्दा डाला? सरकार सीबीआई जांच से क्यों डर रही है?” उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई जांच से बचकर सरकार अपनी मंशा छिपा रही है।

पूर्व विधायक और मंत्री से जुड़ी कथित ऑडियो क्लिप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उसमें एक ‘गट्टू’ नामक व्यक्ति का उल्लेख किया गया है, जो गंभीर संदेह पैदा करता है। “इतने ठोस संकेतों के बावजूद जांच आगे नहीं बढ़ाना सरकार की नीयत पर सवाल उठाता है,” उन्होंने कहा।
माहरा ने कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीति की नहीं बल्कि बेटियों की सुरक्षा और न्याय की है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं दिला लेती, तब तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।
“हम सड़क से लेकर सदन तक यह लड़ाई लड़ेंगे, सरकार को वीआईपी की ढाल बनने नहीं देंगे,” माहरा ने कहा।


Recent Comments