अंकिता हत्याकांड: युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार की ‘शवयात्रा’ निकाली, सीबीआई जांच की जोरदार मांग

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी के नाम का खुलासा होने पर युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा सरकार की ‘शव यात्रा’ निकालते हुए ऐस्लेहॉल चौक पर उसका पुतला दहन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए स्वाति नेगी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से शव यात्रा लेकर ऐस्लेहॉल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा सरकार के पुतले को आग के हवाले कर दिया।

युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा विधायक की पत्नी द्वारा हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम उजागर किया गया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट के इशारे पर बुल्डोजर चलाने का आरोप लगाया है। इसके बावजूद भाजपा की राज्य सरकार सीबीआई जांच के लिए तैयार नहीं है, जो सिद्ध करता है कि भाजपा सरकार बलात्कारियों और हत्यारों के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देवभूमि में सबसे जघन्य हत्याकांड भाजपा सरकार और पुलिस के संरक्षण में भाजपा नेता के रिसॉर्ट में हुआ, जिसमें भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व, राज्य नेतृत्व एवं स्थानीय विधायक शामिल थे। यह देवभूमि के लिए कलंकित करने वाली घटना है।

स्वाति नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि अंकिता के माता-पिता से बात कर सीबीआई जांच कराई जाएगी। अब जब अंकिता भंडारी के माता-पिता ने उच्चतम न्यायालय के जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है, तो भाजपा सरकार क्यों पीछे हट रही है? उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि दोषियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की सक्षम धाराओं में मुकदमा दर्ज हो तथा दोषी कितने भी बड़े हों, उन्हें दंडित किया जाए। उन्होंने भाजपा सरकार और संगठन से स्पष्ट करने को कहा कि वे बलात्कारियों-हत्यारों के साथ खड़े हैं या अंकिता भंडारी के साथ। साथ ही, भाजपा के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस हत्याकांड की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

कार्यक्रम में गोदावरी थापली, वीरेंद्र पोखरियाल, ज्योति रौतेला, लालचंद शर्मा, गरिमा मेहरा, दसौनी, अभिनव थापर, रॉबिन त्यागी, शुभम चौहान, विनीत प्रसाद भट्ट, मोहन काला, मोहित मेहता, प्रांचल, सिद्धार्थ अग्रवाल, सिद्धार्थ, धर्मेंद्र, कृष्णा मारवाह, सुलेमान अली, ललित भद्री, ओमप्रकाश सती, रिया राणा, वंदना राही, सूरज क्षेत्री आदि अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments