जिलाधिकारी के निर्देशन में बाल अधिकारों की सुरक्षा को लेकर जागरुकता अभियान

राजकीय इंटर कॉलेज केवर्स में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी

पौड़ी। बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के साथ ही बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर जनपद में जागरुकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग द्वारा इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज केवर्स में बाल अधिकार, बाल सुरक्षा एवं पोक्सो अधिनियम विषय पर जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ बाल अधिकारों, बाल सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर संवाद किया गया। प्रत्येक बच्चे के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और स्वस्थ वातावरण में विकास के अधिकार पर विशेष जोर देते हुए हिंसा, शोषण अथवा दुर्व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने तथा माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से अपनी बात साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, अनुचित व्यवहार की पहचान और ऐसी परिस्थितियों में उपलब्ध सहायता एवं कानूनी संरक्षण की जानकारी दी गयी। बच्चों को किसी भी तरह की अनुचित घटना या परेशानी की स्थिति में भय अथवा संकोच के बिना तत्काल सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की भूमिका और उपयोगिता पर भी चर्चा हुई। संकट में फंसे अथवा सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों तक समय पर मदद पहुंचाने में हेल्पलाइन की भूमिका से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। साथ ही आसपास के जरूरतमंद बच्चों के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए उनकी सुरक्षा और सहायता में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में अपने अधिकारों के प्रति जागरुकता बढ़ाने के साथ ही सुरक्षित एवं बाल हितैषी वातावरण के निर्माण में उनकी भागीदारी पर जोर दिया गया। बच्चों की सुरक्षा को परिवार, विद्यालय और समाज की साझा जिम्मेदारी बताते हुए किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या परेशानी के सामने आने पर तत्काल सहायता लेने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अरविंद रावत, सदस्य बाल कल्याण समिति सुनीता भट्ट, परामर्शदाता कविता, चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर धर्मेंद्र सिंह तथा राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के समन्वयक अभिषेक नेगी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments