कांवड़ मेले से पहले आयुक्त आनंद स्वरूप ने किया पटरी मार्ग का निरीक्षण, बोले- इस बार आएंगे रिकॉर्ड श्रद्धालु

शिवभक्तों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम, DM मयूर दीक्षित ने आयुक्त को दी तैयारियों की जानकारी 

हरिद्वार।  आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और शिवभक्तों के लिए की जा रही अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

मंडल आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा के लिए की गई बैरिकेडिंग व्यवस्था को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडल आयुक्त को कांवड़ मेले के दृष्टिगत विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के ठहरने, स्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित लोक निर्माण, सिंचाई, स्वास्थ्य, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ मेले के दौरान आने वाले लाखों शिवभक्तों को हरिद्वार में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments