
हरिद्वार। गणेश विसर्जन के दौरान हरिद्वार में एक बड़ा हादसा हो गया। कनखल के राजघाट पर मूर्ति विसर्जन करते समय संतुलन बिगड़ने से एक युवक गंगा में डूब गया। देर रात हुई इस घटना के बाद से ही युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
मंगलवार की रात, संदेश नगर, परमधाम आश्रम के पास रहने वाले 38 वर्षीय निखिल गुप्ता गणेश विसर्जन के लिए राजघाट गए थे। विसर्जन के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गंगा की तेज धारा में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरा होने के कारण वे कुछ ही मिनटों में आँखों से ओझल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुँची और तुरंत तलाश अभियान शुरू किया गया। रात भर चले इस अभियान में तेज बहाव और अंधेरे की वजह से कोई सफलता नहीं मिल पाई। इंस्पेक्टर चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह से फिर से तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। फिलहाल युवक की तलाश जारी है। इस घटना से विसर्जन घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।

Recent Comments