

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश भर के आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित किए जा रहे सेनेटरी पैड्स की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य अपनी ‘कमीशन खोरी’ के चक्कर में महिलाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रही हैं।
नेगी ने बताया कि मंत्री आर्य द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में जबरन थोपे जा रहे सेनेटरी पैड इतने घटिया हैं कि उन पर ISSO/ISI या किसी अन्य मानक का कोई उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि 5 पीस वाले इस 15 रुपये के पैड का इस्तेमाल कोई महिला या किशोरी नहीं करना चाहती। आलम यह है कि अधिकांश आंगनबाड़ी वर्कर्स को अपने वेतन से इन पैड्स की भरपाई करनी पड़ रही है।
मोर्चा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मंत्री आर्य द्वारा लगभग सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें भी थोपी गई हैं, जो अब ‘सफेद हाथी’ साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकारी धन को ठिकाने लगाने का एक खेल है। नेगी ने सवाल उठाया कि इन घटिया पैड्स से महिलाओं को होने वाले संक्रमण की जिम्मेदारी कौन लेगा?
गौरतलब है कि इससे पहले भी आंगनबाड़ी वर्कर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष रेखा नेगी ने घटिया गुणवत्ता वाले पैड्स पर चिंता जताई थी। हालांकि, विभाग ने पैड्स की गुणवत्ता को लेकर आरोपों का खंडन किया है।
जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि ऐसी भ्रष्ट मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाए। इस मौके पर पछवादून अध्यक्ष अमित जैन व ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल होंडा भी मौजूद रहे।

Recent Comments