

देहरादून। क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में बढ़ती भीड़, अतिक्रमण और आवासीय इलाके में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने अपने शैक्षणिक ढांचे में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। संस्थान के अधिकांश पाठ्यक्रम अब चकराता रोड स्थित मेडिकल कॉलेज के आसपास विकसित किए जा रहे नए परिसर में संचालित किए जाएंगे। शिफ्टिंग की प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला के अनुसार, क्लेमेंट टाउन स्थित वर्तमान परिसर को भविष्य में मुख्य रूप से आवासीय परिसर के तौर पर संचालित करने की योजना है। यहां हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को रखा जाएगा, जबकि विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई मेडिकल कॉलेज के नजदीक स्थानांतरित की जाएगी।
डॉ. घनशाला ने बताया कि शैक्षणिक गतिविधियों को नए परिसर में ले जाने का पहला चरण अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। पूरी प्रक्रिया को करीब दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिफ्टिंग के पहले चरण में नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल से जुड़े पाठ्यक्रमों को मेडिकल कॉलेज के पास ले जाने की योजना है। इसके बाद अन्य पाठ्यक्रमों को भी चरणबद्ध तरीके से नए परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा।
नए परिसर में विश्वविद्यालय के बाहर रहने वाले विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं के साथ-साथ प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, हॉस्टल और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ग्राफिक एरा प्रबंधन के अनुसार, क्लेमेंट टाउन में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण सड़कों और मार्गों की चौड़ाई प्रभावित हुई है। इसके साथ ही आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार से भी क्षेत्र की स्थिति बदल रही है। ऐसे माहौल में इतने बड़े शैक्षणिक संस्थान का संचालन करना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
क्लेमेंट टाउन क्षेत्र से होकर सेना और वायुसेना के वाहनों के अलावा पर्यटकों तथा विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों की भी आवाजाही होती है। अतिक्रमण और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के कारण इन सभी को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्लेमेंट टाउन में अतिक्रमण और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से भी कई बार उच्च स्तर पर अनुरोध किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद जिला स्तर पर प्रशासन, पुलिस, प्राधिकरण और नगर निगम सहित संबंधित विभागों की एक कमेटी का गठन भी किया गया था।
हालांकि, कमेटी गठित होने के बाद इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। ऐसे में ग्राफिक एरा प्रबंधन का अधिकांश शैक्षणिक गतिविधियों को क्लेमेंट टाउन से बाहर स्थानांतरित करने का निर्णय क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Recent Comments