

देहरादून। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को सर्किट हाउस स्थित औद्यानिक परिषद सभागार में पॉलीहाउस, एप्पल मिशन और वित्तीय वर्ष 2026-27 की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों के मुख्य उद्यान अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया।
एप्पल मिशन की समीक्षा के दौरान गणेश जोशी ने जनपदवार जानकारी ली और सेब की अति सघन बागवानी मिशन के तहत 2026-27 के बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेब उत्पादक किसानों के लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण करने को भी कहा।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कीवी और ड्रैगन फ्रूट उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को इन फसलों से जोड़ने और विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं निर्धारित समयसीमा में लागू हों और लक्ष्य समय पर पूरे हों।
किसानों को बुआई से पहले ही आवश्यक सब्जियों और अन्य फसलों के बीज उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए गणेश जोशी ने कहा कि इससे किसानों को दिक्कत नहीं होगी और बुआई समय पर हो सकेगी। नाबार्ड योजना के अंतर्गत पॉलीहाउस निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।
बैठक में मधुमक्खी पालन की संभावनाओं पर चर्चा हुई। गणेश जोशी ने कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन से रोजगार और किसानों की आय बढ़ सकती है। अधिकारियों को अधिक किसानों को मधुमक्खी पालन से जोड़कर प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ देने को कहा।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि पॉलीहाउस, एप्पल मिशन, कीवी सहित सभी योजनाओं के तहत किसानों के लंबित भुगतानों की विसंगतियां एक सप्ताह के भीतर दूर कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में निदेशक उद्यान आरके सिंह, बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल, संयुक्त निदेशक रतन कुमार सहित सभी जनपदों के मुख्य उद्यान अधिकारी उपस्थित थे।

Recent Comments