

उत्तराखंड के युवा राहुल गांधी पर भरोसा नहीं करते, कार्यक्रम सिर्फ स्क्रिप्टेड शो: भाजपा
देहरादून। भाजपा ने देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर मचे स्थल विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसे कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक चाल बताते हुए कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों से संवाद नहीं बल्कि राजनीतिक ड्रामा करना है।
मीडिया के सवाल पर भट्ट ने कहा, अगर मंशा साफ है और वास्तव में छात्रों से संवाद करना है तो स्थान कोई भी हो दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा कार्यक्रम एक प्रायोजित इवेंट है। इसमें प्रतिभागी पहले से फिक्स हैं, सवाल पहले से तय हैं और जवाब भी रटे-रटाए होंगे।
भट्ट ने कांग्रेस पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए नीट परीक्षा और पटना के उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि नीट से दो दिन पहले जयपुर में कार्यक्रम करके छात्रों का कीमती समय बर्बाद किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्र के पास करने से जाम और अव्यवस्था हुई, जिससे कई बच्चे परीक्षा नहीं दे पाए। पटना में भी छात्र इंतजार करते रह गए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के छात्रों को राहुल गांधी की नीयत और क्षमता पर भरोसा नहीं है। स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व को भी यह अहसास है कि राज्य के जागरूक युवा उनसे संवाद नहीं करना चाहते।
कार्यक्रम स्थल को लेकर विवाद को भट्ट ने सहानुभूति और मीडिया कवरेज बटोरने की पुरानी रणनीति बताया। उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के पिछले कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी जानबूझकर विवाद खड़ा किया गया था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को समझ लेना चाहिए कि उनकी हांडी कच्ची मिट्टी की है। यह न पहले कभी चूल्हे पर चढ़ी और न अब उत्तराखंड की जागरूक जनता के चूल्हे पर चढ़ेगी। जनता उनके पाखंड को समझ चुकी है।

Recent Comments