भाजपा सरकार निजीकरण कर नौकरियां और आरक्षण खत्म करने की साजिश रच रही है: अखिलेश यादव

लखनऊ, 2 मार्च (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सरकारी संस्थाओं के निजीकरण के जरिए नौकरियों और आरक्षण को खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहले केंद्र सरकार ने कई सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंपा और अब उत्तर प्रदेश सरकार भी उसी राह पर चलते हुए निजीकरण को बढ़ावा दे रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार अब पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत निगम को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी में है। सरकार निजीकरण की आड़ में अरबों रुपये की सार्वजनिक संपत्तियां अपने करीबी पूंजीपतियों को सौंपने की योजना बना रही है, जिससे आम जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को संविधान और आरक्षण विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग को नौकरियों और आरक्षण से वंचित करने के लिए लगातार नए-नए षड्यंत्र कर रही है। भाजपा की नीति पूरी तरह से पीडीए विरोधी है और वह इस वर्ग से नफरत करती है। सरकारी नौकरियों के निजीकरण से आरक्षित वर्ग को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि निजीकरण से सरकारी नौकरियां खत्म हो जाती हैं और निजी कंपनियां मनमानी कर महंगाई बढ़ाने का काम करती हैं, जिससे आम जनता पर सीधा असर पड़ता है। भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह से लूट, झूठ और बेईमानी पर आधारित हैं।आज भाजपा सरकार की इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी और आम जनता दोनों ही आक्रोशित हैं। लेकिन भाजपा सिर्फ अपने पूंजीपति साथियों को लाभ पहुंचाने के लिए हर सरकारी संस्थान को निजी हाथों में सौंपने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की साजिशों को समझ चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इस जनविरोधी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments