
कोच्ची। भारत की BRICS अध्यक्षता 2026 के तहत केरल के कोच्चि में सोमवार से BRICS महिला कार्य समूह की दो दिवसीय बैठक शुरू हुई। बैठक में 11 BRICS सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए और महिला सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व में विकास तथा साझा हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
बैठक का उद्घाटन करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक ने कहा कि भले ही BRICS देश भौगोलिक रूप से दूर हैं, लेकिन महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता उन्हें एकजुट रखती है। उन्होंने बताया कि भारत की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण के लिए चार प्रमुख प्राथमिकताएं तय की गई हैं – महिलाओं की शासन और नेतृत्व में भागीदारी बढ़ाना, वित्तीय और डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देना, महिला उद्यमिता और कौशल विकास को प्रोत्साहित करना तथा जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करना। उन्होंने कहा कि ये प्राथमिकताएं पिछले कई महीनों से BRICS देशों के बीच संवाद का आधार रही हैं और कोच्चि बैठक में इन्हीं पर आगे विचार किया जाएगा।
यह बैठक भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास का निर्माण” के तहत आयोजित की जा रही है। कार्य समूह की बैठक के बाद 9 जुलाई को दो दिवसीय BRICS मंत्रिस्तरीय बैठक होगी, जिसमें इन चर्चाओं को व्यावहारिक दिशा दी जाएगी।

Recent Comments