देहरादून। रविवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून शहर में आयोजित विभिन्न होली मिलन समारोहों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रदेशवासियों के नाम रंगों का संदेश भेजा। इस दौरान उन्होंने कहा कि होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का सबसे बड़ा अवसर है।
अपने संपर्क कार्यक्रम के तहत मंत्री जोशी सबसे पहले प्रेमनगर स्थित माँ बधाणगढ़ी पिंडर घाटी समिति द्वारा आयोजित समारोह में पहुंचे। यहां उन्होंने पारंपरिक फूलों की होली खेलकर क्षेत्रवासियों के बीच खुशियां बांटी। इस मौके पर उन्होंने पिंडर घाटी के लोगों के लिए एक सौगात का ऐलान करते हुए क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर ‘मिलन केंद्र’ स्थापित करने की घोषणा की, जिससे स्थानीय सांस्कृतिक गतिविधियों को एक मजबूत मंच मिल सके।
इसके बाद मंत्री जोशी उत्तरांचल प्रेस क्लब पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों के साथ होली की खुशियां साझा कीं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने मीडिया कर्मियों के योगदान की सराहना की। इसके उपरांत उन्होंने कुर्मांचल परिषद की हाथीबड़कला शाखा के होली मिलन समारोह में भी शिरकत की। वहां उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने में इस तरह के सामुदायिक आयोजनों की अहम भूमिका होती है, जो समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोते हैं।

Recent Comments