पंचायत चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत पर जश्न, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

राजीव भवन में मिष्ठान वितरण, कांग्रेस ने भरी 2027 की हुंकार

देहरादून। उत्तराखंड में हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने राजधानी देहरादून सहित पूरे प्रदेश में प्रभावशाली जीत दर्ज की है। जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान पदों पर बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन में जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना तथा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। माहरा ने जनता और समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा के अहंकार और सत्ता के दुरुपयोग को नकारते हुए बैलेट पेपर के माध्यम से करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चुनावों में नैतिकता की सारी सीमाएं लांघ दी थीं, लेकिन जनता ने लोकतंत्र की रक्षा की।

करण माहरा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाएं और पूरी ताकत से कांग्रेस को पुनः सत्ता में लाने के लिए संगठित संघर्ष करें।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है। पंचायत चुनावों ने यह साबित कर दिया है कि यदि कांग्रेस संगठित होकर मैदान में उतरती है तो आने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के गढ़ ढह गए हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ही नहीं, जनता को भी यह विजय गहराई से महसूस हो रही है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने देहरादून में मिली सफलता को कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि राजधानी की तीस जिला पंचायत सीटों में से कांग्रेस ने 16 पर जीत दर्ज की है, जो पार्टी की बढ़ती ताकत का संकेत है।

इस उत्सव में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश महासचिव नवीन जोशी, महामंत्री जगदीश धीमान, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिंदवाण, डॉ. प्रतिमा सिंह, आनंद सिंह पुंडीर, विपुल नौटियाल, विशाल मौर्य, देवेंद्र सिंह, अनिल बस्नेत, विजय शाही, मोहन काला, फरमान अली, मदन मोहन कोहली, राम गोपाल वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।

कांग्रेस मुख्यालय में गूंजते नारों और उत्साही चेहरों ने यह स्पष्ट कर दिया कि यह जीत न सिर्फ पंचायत चुनावों की है, बल्कि एक नई राजनीतिक ऊर्जा और जन समर्थन की भी घोषणा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments