रुद्रप्रयाग, । भारत सरकार की अंतर-मंत्रालयीय केंद्रीय टीम (IMCT) ने मंगलवार को जनपद के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई व स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने तहसील बसुकेदार के अंतर्गत तालजामण, उछोला, स्यूर बांगर सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा कर भू-धसाव और क्षति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से टीम को जनपद में आपदा से हुई जन-धन की क्षति के विस्तृत आंकड़े से अवगत कराया। इसके बाद टीम ने बड़ेथ पहुंचकर स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनी। प्रभावितों ने हेलीपैड निर्माण, पुनर्वास, भूगर्भीय सर्वेक्षण, रोजगार और पर्याप्त मुआवजे की मांग रखी।

टीम के नेतृत्वकर्ता एवं संयुक्त सचिव, डॉ. आर. प्रसन्ना ने कहा कि निरीक्षण के आधार पर तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र ही केंद्र सरकार को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर राहत पैकेज की घोषणा की जाएगी। टीम के अन्य सदस्य निदेशक वित्त शैलेश कुमार,मुख्य अभियंता पंकज सिंह, उपनिदेशक विकास सचान, मोहित पूनिया प्रमुख सलाहकार (ULMMC)उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा बड़ेथ में मिनी स्टेडियम को हेलीपैड के रूप में विकसित करने, क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे को 2 से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किए जाने तथा तालजामण तक वैकल्पिक मार्ग बनाने की स्वीकृति प्रदान कर
दी गई है। उन्होंने बताया कि आपदा पुनर्वास हेतु 1850 करोड़ रुपये का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है।


इस दौरान जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रलाद कोंडे, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम श्याम सिंह राणा, एसडीएम उखीमठ भगत सिंह फोनिया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, खंड विकास अधिकारी अगस्तमुनि प्रवीण भट्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि,सिंचाई सीएमओ डॉ राम प्रकाश सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments