

देहरादून।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में जनसुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण और धार्मिक स्थलों के कायाकल्प के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए ₹7 करोड़ से अधिक की वित्तीय मंजूरी प्रदान की है। सरकार द्वारा इन परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए प्रथम किस्त की धनराशि भी जारी कर दी गई है।
प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत कई प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण को स्वीकृति मिली है। इसके तहत उत्तरकाशी के पुरोला स्थित आराध्य देवी श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹1.79 करोड़ (प्रथम किस्त ₹1.07 करोड़) स्वीकृत किए गए हैं। इसी क्रम में पिथौरागढ़ के ध्वज जयंती माता मंदिर में आवास, पेयजल व मार्ग निर्माण के लिए ₹97.09 लाख, अल्मोड़ा के मल्ली मनिला मंदिर के लिए ₹98.80 लाख तथा भीमादेवी मंदिर (जागेश्वर) हेतु ₹98.50 लाख की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त, उधमसिंह नगर के गदरपुर में मंदिर व धर्मशाला निर्माण कार्यों के लिए ₹2.54 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए चंपावत की ग्राम पंचायत मैरोली एवं बड़पास में इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु ₹3.89 करोड़ की बड़ी धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा पिथौरागढ़ के सिरड में सीसी संपर्क मार्ग निर्माण हेतु ₹79.87 लाख, नई टिहरी में आरसीसी खड़ंजा रेलिंग मार्ग के लिए ₹52.06 लाख और चंपावत में सेलागाड से कोटकेन्द्री संपर्क मार्ग हेतु ₹40.53 लाख की मंजूरी दी गई है।
क्षेत्रीय जनभावनाओं और देश के वीरों का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। चंपावत जनपद के लोहाघाट (बाराकोट) निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी के सम्मान में उनकी मूर्ति स्थापित की जाएगी, जिसके लिए ₹32.49 लाख की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

Recent Comments