पौड़ी गढ़वाल: डीएम स्वाति भदौरिया ने एसआईआर कार्यों और नगर पालिका का किया औचक निरीक्षण

पौड़ी।जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर कार्यक्रम के तहत चल रहे निर्वाचन कार्यों का निरीक्षण किया और इसके बाद नगर पालिका कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया।

एसआईआर के तहत विभिन्न सुनवाई स्थलों का जायजा लेते हुए डीएम ने एआरओ, एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजरों से मतदाता पुनरीक्षण, दावों-आपत्तियों की सुनवाई और दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की प्रगति जानी।

इस दौरान डीएम स्वाति भदौरिया ने निर्देश दिए कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह सरल, सुगम और मतदाता हितैषी रखी जाए। सुनवाई में मिले दस्तावेजों का भली-भांति परीक्षण के बाद ही ऑनलाइन अपलोड किया जाए। जरूरत पड़ने पर मतदाता से मूल दस्तावेज लेकर स्पष्ट फोटो अपलोड की जाए ताकि रिकॉर्ड त्रुटिरहित रहे। जिन मामलों का निस्तारण उसी दिन संभव हो उन्हें उसी दिन निपटाया जाए। जो मतदाता सुनवाई में नहीं आ पाए उन्हें नियमों के अनुसार एक और मौका दिया जाए।

डीएम ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता से हो। कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए हर मतदाता को जरूरी जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का भी सहयोग मिल रहा है। बीएलओ और कार्मिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश भी दिए।

इसके बाद डीएम ने नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छता व्यवस्था, उपस्थिति पंजिका, कर वसूली, ई-ऑफिस और पीएम आवास योजना की समीक्षा की।

उन्होंने नगर में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी रखने और सफाई की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। कहा कि सुबह फील्ड में जाकर कार्मिकों की उपस्थिति दर्ज कर सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग की जाए। उपस्थिति पंजिका जांचते हुए समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।

कर अनुभाग में डीएम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और उससे पूर्व के लंबित कर की समीक्षा की। निर्देश दिए कि जिन भवन स्वामियों ने भवन कर नहीं जमा किया उनकी सूची बनाकर नोटिस जारी कर वसूली तेज की जाए।

अधिशासी अधिकारी को निराश्रित श्वानों के लिए बन रहे डॉग पाउंड का काम शीघ्र पूरा कराने और पीएम आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ देने के निर्देश भी दिए। ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे कार्यालयीन काम पारदर्शी और व्यवस्थित होंगे।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, ईओ नगर पालिका संजय कुमार, सभासद प्रदीप असवाल सहित बीएलओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments