मुख्यमंत्री धामी ने सिख समाज के राष्ट्र निर्माण और तराई के विकास में योगदान को सराहा

पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, सेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति भारत की शक्ति का प्रतीक: मुख्यमंत्री

गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.5 किमी रोपवे निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ा: मुख्यमंत्री

रुद्रपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के आगमन पर “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारे गूंजे। सिख समाज की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक है। गुरु साहिबान का जीवन अन्याय के आगे न झुकने, सेवा करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। सिख परंपरा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की मिसाल है।

उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने देश के निर्माण, सीमा सुरक्षा, कृषि, उद्योग और आपदा सेवा में अनुकरणीय योगदान दिया है। तराई क्षेत्र के विकास और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी इस समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा सिख समाज की आस्था और बलिदान को सम्मान देने के कदमों का उल्लेख किया, जिनमें करतारपुर कॉरिडोर, लंगर को कर मुक्ति, हरमंदिर साहिब को विदेशी अंशदान की स्वीकृति, वीर बाल दिवस और 1984 दंगों के पीड़ितों को न्याय शामिल हैं।

उत्तराखंड के साथ सिख समाज के आध्यात्मिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमकुंड साहिब और रीठा साहिब राज्य की आध्यात्मिक विरासत का हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.5 किमी रोपवे का कार्य आगे बढ़ रहा है, जिससे तीर्थयात्रा सुगम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दे रही है। धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून सख्त किए गए हैं। मदरसा बोर्ड समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है।

उन्होंने युवाओं से गुरुओं के जीवन से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के तराई विकास में योगदान को भी याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में इसकी भागीदारी अहम होगी।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, सांसद महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश मंत्री बलदेव सिंह औलख सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments