

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से प्रतियोगिता में आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का देवभूमि उत्तराखंड में हार्दिक स्वागत किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी मिली है। इससे उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन एवं आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खेल दुनिया को जोड़ने का माध्यम हैं और ऐसे आयोजन विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को बढ़ाते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन असली सफलता खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति में है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के साथ खेल भावना की मिसाल पेश करेंगे और यहां से शानदार अनुभव लेकर लौटेंगे। आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों को उन्होंने सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं और उत्तराखंड में खेल पर्यटन को नई गति देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सोच बदली है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट से खेल संस्कृति मजबूत हुई है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को खेलों में अग्रणी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले वर्ष 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिससे प्रदेश में आधुनिक खेल अवसंरचना का आधार तैयार हुआ। अब राज्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां बनेंगी। हल्द्वानी में राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना पर काम चल रहा है। नई खेल नीति के माध्यम से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सरकारी सेवा में अवसर, खेल छात्रवृत्ति और आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा-प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और उदीयमान खिलाड़ी योजना से भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर, एडवेंचर, विंटर और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा और निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


Recent Comments