समन्वय, समयबद्धता और नवाचार पर जोर, दस्तावेज सत्यापन-अतिक्रमण हटाने पर सख्त निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में देहरादून जनपद के विकास कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण के दौरान बिजली, पानी, गैस की भूमिगत लाइनों सहित सभी संबंधित कार्यों को आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी को ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध अनुमति सुनिश्चित करने और आंतरिक सड़कों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, बिजली बिल जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नियमित सत्यापन पर जोर दिया। गलत दस्तावेजों को निरस्त कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए। जिला प्रशासन, वन विभाग, एमडीडीए और नगर निगम को अतिक्रमण हटाने की निरंतर मुहिम चलाने को कहा। उन्होंने नियमित कार्यों के साथ नवाचार आधारित विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया, जिसमें सड़क-कॉरिडोर विस्तार से शहर की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसमस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ अवश्य मिले। पारदर्शिता, समयबद्धता और जनहित सरकार की प्राथमिकता हैं। शीतकाल में महिलाओं-बुजुर्गों के लिए संवेदनशीलता बरतें, रैन बसेरों में सुविधाएं और चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करें। पुलिस को यातायात प्रबंधन, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, नशा मुक्ति जागरूकता और रैंडम चेकिंग के आदेश दिए।

कैबिनेट मंत्री व प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने विभागीय समन्वय से कार्यों में तेजी लाने, प्राथमिकता तय कर समयबद्ध पूर्णता और साइबर अपराध नियंत्रण पर प्रभावी कदम उठाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने विकास प्रगति बताई- समान नागरिक संहिता के 61,000 पंजीकरण, सीएम हेल्पलाइन पर 7,662 में से 6,480 शिकायतें निस्तारित, 3.58 लाख राशन कार्डों में 2.81 लाख सत्यापित कर 5,590 निरस्त, 12.07 लाख आयुष्मान कार्डों में 1.37 लाख सत्यापित कर 9,428 निरस्त। 57 हेक्टेयर अतिक्रमित भूमि में 47 हेक्टेयर मुक्त।
लोक निर्माण के चार प्रमुख प्रोजेक्ट, रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर, पांवटा साहिब-बल्लूपुर फ्लाईओवर (अंतिम चरण), दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़ने वाली ग्रीनफील्ड सड़क जारी। जिला चिकित्सालय में मॉडल टीकाकरण केंद्र, रक्त गरुड़ वाहन, 12 बेड एसएनसीयू शुरू। प्रोजेक्ट उत्कर्ष से स्कूलों में सुविधाएं, बाल भिक्षावृत्ति निवारण में 267 रेस्क्यू-154 मुख्यधारा में, नंदा-सुनंदा से 93 बालिकाओं को 33 लाख सहायता। चौराहों का चौड़ीकरण-सौंदर्यीकरण, ऑटोमेटिक पार्किंग परेड ग्राउंड आदि में।

बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, मुख्य नगर आयुक्त नामामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, डीएफओ अमित कंवर, सीएमओ एमके शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments