

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव के दौरान “बीज संजीवनी अभियान” का शुभारंभ किया। उन्होंने आम, जामुन, कटहल, नीम और बेल के बीज जमीन में रोपकर इस जनभागीदारी अभियान की शुरुआत की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि फल खाने के बाद बीजों को कचरे में न फेंकें, बल्कि उन्हें खाली जगहों, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर रोपित करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका जरूरी है। छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव संभव हैं।
सीएम धामी ने बताया कि अभियान की शुरुआत हरिद्वार से की गई है और इसे जल्द ही पूरे प्रदेश में जनआंदोलन के रूप में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्राकृतिक तरीके से अधिक से अधिक पेड़ तैयार करना है, ताकि हरित हरिद्वार अभियान को नई गति मिले। साथ ही जैव विविधता का संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और सभी संस्थाओं से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से चलने वाला यह अभियान राज्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
आम महोत्सव में बड़ी संख्या में किसान, बागवान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Recent Comments