गुलदार के हमले के बाद त्वरित कार्रवाई, प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता; न्यूनीकरण के लिए ‘प्रभागीय दिवस’ आयोजित करने के निर्देश
पौड़ी । जनपद पौड़ी में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन स्तर के उच्चाधिकारियों का एक दल आज क्षेत्र के दौरे पर पहुँचा। दल ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही संघर्ष के न्यूनीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रमुख वन सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक तथा आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तहसील पौड़ी के गजल्ड गांव का दौरा किया। उन्होंने गुलदार के हमले में मृतक राजेंद्र नौटियाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और मुआवजे की अग्रिम राशि का चेक भेंट किया। प्रमुख वन सचिव ने इस हृदय विदारक घटना के बाद जिला प्रशासन, वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की।


उच्चाधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आदमखोर गुलदार के निस्तारण हेतु की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सत्यखाल गांव में स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनी गईं और शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया।
विकास भवन में प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख वन सचिव से भेंट कर कई अहम सुझाव दिए, जिनमें:
- क्षेत्र से परिचित स्थानीय निवासियों को निस्तारण दल में शामिल करना।
- तेंदुए को न्यूट्रलाइज करने हेतु दो निजी शूटरों की अनुमति देना।
- प्री-रिकॉर्डेड ऑडियो संदेशों के माध्यम से जनजागरुकता प्रसारित करना।
प्रमुख वन सचिव ने इन मांगों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान सुनिश्चित किया।
बाद में, विकास भवन सभागार में हुई बैठक में प्रमुख सचिव वन ने सभी प्रमुख विभाग के अधिकारियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण हेतु कई निर्देश दिए:
- ‘प्रभागीय दिवस’ का आयोजन: प्रत्येक रेंज स्तर पर नियमित रूप से प्रभागीय दिवस आयोजित किया जाएगा।
- जनजागरूकता सामग्री: ‘क्या करें-क्या न करें’ आधारित सामग्री तैयार कर शीघ्र वितरित की जाए।
- सोशल मीडिया का उपयोग: रेंज एवं वन पंचायत स्तर पर व्हाट्सएप समूहों तथा प्रभागीय स्तर पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म का उपयोग वन्यजीव गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं के प्रसार और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए किया जाए।
- झाड़ी कटान: लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत और नगर पालिका संयुक्त रूप से झाड़ी कटान अभियान चलाएं। अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता होने पर शासन स्तर से उपलब्धता का आश्वासन दिया गया।
आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय ने इस संवेदनशील विषय पर समुदाय के सतत सहयोग को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि प्राथमिकता जनजीवन की सुरक्षा है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों के लिए नियमित चारा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, तथा सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्रों में विद्यालयों और आंगनबाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया है।
बैठक में प्रमुख वन संरक्षक रंजन कुमार मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments