

14 से 16 अगस्त तक दून लाइब्रेरी में फोटो-फिल्म प्रदर्शनी, 14 अगस्त की शाम नगर निगम में होगा भव्य कवि सम्मेलन
देहरादून । विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देहरादून में भारत विभाजन की पीड़ा, विस्थापन और उससे जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 अगस्त से दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में तीन दिवसीय फोटो एवं फिल्म प्रदर्शनी आयोजित होगी, जबकि शाम को नगर निगम के जुगमंदर हॉल में भव्य कवि सम्मेलन होगा।
दून लाइब्रेरी में आयोजित प्रदर्शनी 14, 15 और 16 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, संघर्ष और मानवीय पीड़ा से जुड़ी तस्वीरों एवं फिल्मों के माध्यम से उस दौर की स्मृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन की परिस्थितियों और उसकी मानवीय त्रासदी से परिचित कराना है।
वहीं, 14 अगस्त की शाम 6:30 बजे नगर निगम देहरादून के जुगमंदर हॉल में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव पर आधारित कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे। कवि सम्मेलन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 के विभाजन की विभीषिका झेलने वाले लोगों को सम्मानपूर्वक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाए, ताकि उनकी स्मृतियों और अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में वाद-विवाद, क्विज, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा शहर में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विभाजन विभीषिका से संबंधित लघु फिल्मों का प्रसारण करने को कहा। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चन्द्र तिवारी, एसडीएम रवीन्द्र ज्वांठा, डीडीओ सुनील कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान सहित संस्कृति, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments