

पौड़ी गढ़वाल । मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत आगामी 21 अगस्त को जिला मुख्यालय पौड़ी में चौपाल आयोजित की जाएगी। चौपाल का उद्देश्य जिले में उद्यम स्थापित करने के इच्छुक युवाओं और अन्य लोगों को स्वरोजगार तथा उद्यमिता से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और प्रतिभागियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं तथा सरकारी सहायता के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
चौपाल के आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने मंगलवार को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उद्देश्य केवल लोगों को योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि उद्यम स्थापना के इच्छुक लोगों को सही मार्गदर्शन देकर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाना है। इसके लिए चौपाल में विभागीय योजनाओं से संबंधित पर्याप्त सामग्री उपलब्ध रखने के साथ ही आवेदन प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी सरल भाषा में देने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों तक भी योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए 21 अगस्त को जिला मुख्यालय से आईईसी वैन को रवाना किया जाएगा। यह वैन जिले के विभिन्न विकासखंडों की चिन्हित न्याय पंचायतों में पहुंचकर लोगों को उद्यम स्थापना, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी देगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन पौड़ी विकासखंड की ल्वाली और काण्डाधार तथा कोट विकासखंड की कोट और पोखरी न्याय पंचायतों में वैन पहुंचेगी। इसके बाद आठ दिनों के निर्धारित रूट के तहत खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, बीरोंखाल, एकेश्वर, पोखड़ा, कल्जीखाल, रिखणीखाल, नैनीडांडा, जयहरीखाल, द्वारीखाल, यमकेश्वर और दुगड्डा विकासखंड की विभिन्न न्याय पंचायतों में इसका संचालन किया जाएगा।
चौपाल और आईईसी वैन के माध्यम से कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, ग्रामोत्थान और बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर उद्यम स्थापित करने के इच्छुक लोगों को योजनाओं का लाभ लेने और स्वरोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बैठक में इन्क्यूबेशन मैनेजर तनुज पुंडीर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी के.के. जोशी, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह नेगी, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, सहायक डीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments