

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम साबित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतों की सुनवाई की गई और अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान करीब एक दशक से लंबित कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और ई-ऑफिस से प्राप्त लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की और स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
जनता मिलन में पेयजल आपूर्ति, दूषित जल स्रोत, विद्युत संयोजन, वन्यजीवों से सुरक्षा और अनुबंध संबंधी कई शिकायतें सामने आईं। ग्राम श्रीखोन, स्यालंगी और कठूड़ को पेयजल योजना से जोड़ने की शिकायत पर जल निगम को एक सप्ताह में समाधान निकालने के निर्देश दिए गए। ग्राम थली में दूषित जल स्रोत की शिकायत पर तत्काल जांच और उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। नौली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर अधिकारियों को अगले ही दिन मौके पर पहुंचकर स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए।

पौड़ीगांव की महिलाओं ने वाल्मिकी बस्ती के पालतू सुअरों से फसल को हो रही क्षति की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को चालानी कार्रवाई और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। इसी तरह धुमाकोट के शिव सिंह बिष्ट ने बीएसएनएल टावर का किराया न मिलने की शिकायत की, जिस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में अन्य शिकायतों का भी त्वरित समाधान किया गया। पोखरी खड़खोला में विद्युत संयोजन की समस्या पर विभाग ने तुरंत पोल और एबी केबल लगाकर बिजली उपलब्ध कराई। नौगांव में पेयजल स्रोत की सफाई कर आपूर्ति सुचारू की गई। रिखणीखाल क्षेत्र में बाघ और तेंदुओं के आतंक की शिकायत पर वन विभाग ने गश्त बढ़ाई और पिंजरे लगाए। थापली गांव में अनुसूचित जाति बस्ती में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर पाइपलाइन की समस्या दूर कर व्यवस्था बहाल की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से लोगों को राहत मिल रही है। बैठक में सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments