चिन्यालीसौड़ क्षेत्र पंचायत: जिलाधिकारी ने स्थल निरीक्षण कर तत्काल समाधानों के निर्देश, विद्युत-पानी-शिक्षा पर सख्त रुख

चिन्यालीसौड़। क्षेत्र पंचायत चिन्यालीसौड़ की सोमवार को हुई बैठक में जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण व रचनात्मक चर्चा हुई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सदन में उठाए गए मुद्दों का मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए तथा पंचायत प्रतिनिधियों से समस्याओं के साथ-साथ सराहनीय कार्यों का भी उल्लेख करने का आग्रह किया।

ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दर्जाधारी राज्यमंत्री राम सुंदर नौटियाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विद्युत, शिक्षा, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, ग्रामीण निर्माण विभाग, पेयजल निगम, कृषि, उद्यान, उद्योग सहित कई विभागों की योजनाओं तथा जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

सदन में विद्युत लाइनों के झूलते तार और जीर्ण पोलों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता यूपीसीएल मनोज गुसाईं को निर्देश दिए कि प्रभावित स्थानों का तत्काल सर्वे कर आवश्यक मरम्मत तथा सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएँ। शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतों में ग्राम पंचायत खलासी, मथोली, बनाड़ी व बनचौरा के प्राथमिक विद्यालयों के भवन, शौचालय व दीवारों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिये गये।

निर्माणाधीन नवोदय विद्यालय (दीवारीखोल) में देरी के मुद्दे पर सदन ने प्रस्ताव पारित किया; जिलाधिकारी ने तत्काल जांच कर कारणों का पता लगाने हेतु आदेश जारी किये। ग्राम प्रधान गोरून की आंगनवाड़ी भवन निर्माण एक वर्ष से ठप्प रहने की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी प्रकाश पंवार को जांच का दायित्व सौंपा गया तथा उन पंचायतों से आंगनवाड़ी हेतु भूमि उपलब्ध कराकर प्रस्ताव लाने के लिए कहा गया जहाँ भवन नहीं हैं।

स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामलों में जोगततल्ला में 108 एम्बुलेंस सेवा को पुनः बहाल करने तथा भवानीपुर में एएनएम केंद्र स्थापित करने की जानकारी दी गई। जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली ने ग्राम ज्येष्ठवाड़ी में जल जीवन मिशन अंतर्गत दूषित जल की शिकायत उठाई, जिस पर विधायक व दर्जाधारी राज्यमंत्री ने संबंधित कार्यों का गांव में जाकर निरीक्षण करने के आदेश दिए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सदन में व्यवस्थित व रचनात्मक चर्चा होने पर प्रसन्नता जताई और उन पर तात्कालिक कार्रवाई के लिए अधिकारीगण से अपेक्षा व्यक्त की। ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत ने अधिकारियों से आग्रह किया कि सदन में पारित प्रस्तावों पर तत्परता व पारदर्शिता के साथ अमल किया जाए।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख सुमित्रा असवाल, कनिष्ठ प्रमुख भानु प्रिया थपलियाल, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, शिवराज बिष्ट, सरिता वर्धन, अनेक ग्राम प्रधान तथा उपजिलाधिकारी डुंडा देवानंद शर्मा, पीडी अजय सिंह, सीएओ एस.एस. वर्मा, सीएचओ रजनीश कुमार, सीवीओ एच.एस. बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, अधिशासी अभियंता जल संस्थान एलसी रमोला, अभियंता पेयजल निगम मधुकांत नौटियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास यशोदा बिष्ट, सहायक निदेशक डेयरी पीयूष आर्य, डीएसओ आशीष कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments