
देहरादून : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी गढ़वाल जिलों में अतिवृष्टि और बादल फटने से भारी तबाही मची है। इस आपदा में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि रुद्रप्रयाग के बसुकेदार में कई लोग लापता हैं।
चमोली और रुद्रप्रयाग में मौतें
चमोली के देवाल ब्लॉक स्थित मोपाटा गांव में भूस्खलन के मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले की बसुकेदार तहसील में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है, जहां एक महिला की मौत की पुष्टि हुई है और आठ लोग लापता बताए जा रहे हैं। कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और वाहन मलबे में दब गए हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
रुद्रप्रयाग के बसुकेदार स्थित छेनागाड़ में रेस्क्यू टीमें कड़ी मशक्कत के बाद पहुंच गई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तालजामण क्षेत्र में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। अब तक लगभग 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बस चालक और कंडक्टर सहित अन्य लोगों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है।
सीएम धामी ने की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों की स्थिति पर खुद नजर रखी हुई है। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए। सीएम ने प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता राशि पहुंचाने और सड़क, बिजली, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए भी कहा।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बागेश्वर, चमोली, देहरादून और रुद्रप्रयाग में तीव्र से अति तीव्र बारिश की आशंका जताई है। इन जिलों के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे आपदा का खतरा बना हुआ है।

Recent Comments