

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा से जुड़े जिलाधिकारियों से यात्रा मार्ग, यातायात, स्वास्थ्य और सुरक्षा की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम और भूस्खलन की निरंतर निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा और विभागों में बेहतर समन्वय रखा जाए। आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू की व्यवस्था हो। यातायात दबाव नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया में सुविधाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं।
यमुनोत्री और केदारनाथ के लिए विशेष निर्देश –
सीएम ने यमुनोत्री में भीड़ को देखते हुए धाम से 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और खरसाली से वैकल्पिक मार्ग पर कार्रवाई के निर्देश दिए। पैदल मार्ग पर यात्रियों और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही अलग-अलग व्यवस्थित रखने और सूर्यकुंड में भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए।
केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने, घोड़े-खच्चरों के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।
सीएम ने यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण, गंगोत्री मार्ग को गड्ढामुक्त करने, स्यानाचट्टी में विशेष सतर्कता और जोशीमठ-मारवाड़ी मार्ग पर मशीनरी तैनात रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ और बदरीनाथ मार्ग पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन और आपात चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने, चारों धामों में अलाव की व्यवस्था, स्वच्छता, घोड़े-खच्चरों की लीद निस्तारण, शौचालय, पेयजल, प्रकाश और शटल सेवाओं की व्यवस्था के निर्देश दिए। मोबाइल नेटवर्क वाले क्षेत्रों में आपात संचार व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।
हेली सेवाओं में निर्धारित दरों पर टिकट बिक्री और ओवरचार्जिंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
यात्रा आंकड़े – 14 सितंबर शाम 7 बजे तक 66 लाख 07 हजार 749 पंजीकरण और 50 लाख 56 हजार 160 दर्शन हो चुके हैं। इसमें यमुनोत्री में 7,08,407, गंगोत्री में 7,89,773, केदारनाथ में 14,98,544, बदरीनाथ में 17,36,619 और हेमकुंड साहिब में 3,22,817 श्रद्धालु शामिल हैं। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, गृह सचिव शैलेश बगौली मौजूद रहे।

Recent Comments