

देहरादून।एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित “33 लाख में लीज पर ली गयी दुकान 03 बार बिक गई” शीर्षक से खबर छपने के बाद नगर निगम देहरादून ने संबंधित मामले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रकाशित खबर के क्रम में प्राप्त विभागीय आख्या पर नगर आयुक्त के अनुमोदन दिनांक 05.09.2026 के अनुपालन में मौ. युनूस पुत्र स्व. अब्दुल रहमान, निवासी 70 घोसी गली को भूमि अनुभाग के कार्यालय पत्र संख्या-1886(1)/भूमि-2026-27, दिनांक 05.09.2026 के माध्यम से अवशेष धनराशि रुपये 28,84,315 को तीन दिन के अंदर निगम कोष में जमा कराए जाने हेतु अंतिम नोटिस प्रेषित किया गया था। लेकिन 11 दिन बीत जाने के बावजूद मौ. युनूस द्वारा अब तक यह धनराशि जमा नहीं कराई गई है।
निगम के अनुसार, इससे पहले भी मौ. युनूस को अवशेष धनराशि जमा कराने के लिए कई बार नोटिस भेजे जा चुके हैं, जिनका अनुपालन आज तक नहीं किया गया। समाचार प्रकाशन के बाद प्राप्त विभागीय रिपोर्ट पर भी उन्हें एक बार फिर अंतिम अवसर देते हुए 05.09.2026 को अंतिम नोटिस जारी किया गया था, परंतु इसका भी पालन नहीं हुआ।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नोटिस की भाषा के अनुसार निर्धारित तीन दिन की अवधि में अवशेष धनराशि जमा न होने की स्थिति में अब निगम द्वारा दुकान का कब्जा प्राप्त कर पुनः नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही बकाया राशि की वसूली भू-राजस्व की भांति किए जाने की कार्यवाही भी प्रारंभ कर दी गई है।

Recent Comments