सीएम धामी ने सपरिवार देखी फिल्म हनुमान अंश, बोले नीम करौली बाबा की भक्ति और सेवा का संदेश आज भी प्रासंगिक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने संत नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश देखी। इस दौरान उनके साथ धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है और नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। बाबा की भक्ति, मानव सेवा और प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। कैंची धाम आज देश-दुनिया में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। हनुमान अंश जैसी फिल्में भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन और संदेश पर आधारित फिल्म हनुमान अंश को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की भी घोषणा की है।मुख्यमंत्री ने फिल्म की विषयवस्तु और बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी फिल्में प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। बता दें कि हनुमान अंश 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments