सीएम रेखा गुप्ता ने जल, बिजली, सड़क, शिक्षा और जनसुविधाओं वाली योजनाएं शुरू की

नई दिल्ली ,13  सितंबर (आरएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शालीमार बाग विधानसभा में बिजली, पानी, सड़क और जनसुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार जनता को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है और आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है, वे दिल्ली के विकास को नई गति और दिशा प्रदान करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि ये परियोजनाएं केवल शालीमार बाग ही नहीं बल्कि पूरे दिल्ली के लिए एक नई शुरुआत है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री आशीष सूद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। शालीमार बाग क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जल आपूर्ति और बिजली से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। जिनमें शालीमार बाग के सीए ब्लॉक और बीडब्ल्यू ब्लॉक में करीब 65 लाख रुपये की लागत से नए अंडरग्राउंड रिज़रवॉयर (यूजीआर), नए ट्यूबवेल और ऑनलाइन बूस्टर पंप शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने लंबे समय से लंबित योगा सेंटर की मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने नवरात्रों से पहले इसके निर्माण कार्य शुरू कराने की घोषणा भी की। बिजली क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) द्वारा खरीदी गई राजधानी की पहली हॉटलाइन मेंटिंनेंस वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई यह अत्याधुनिक वैन बिना बिजली आपूर्ति बाधित किए लाइनों और उपकरणों की मरम्मत करने में सक्षम होगी। इसी अवसर पर 33 केवी ओवरहेड कंडक्टर को अंडरग्राउंड केबल में बदलने की परियोजना की भी शुरुआत की गई, जिसकी लागत 2.8 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में ऐसे आधुनिक वाहन हर विधानसभा क्षेत्र में उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग और पीतमपुरा क्षेत्र में विकास कार्यों की एक श्रृंखला की घोषणा करते हुए बताया कि दोनों क्षेत्रों के विभिन्न ब्लॉकों में नई हाई मास्ट लाइट्स और पोल लाइट्स लगाई जाएंगी, जिस पर लगभग 97 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि पूरी दिल्ली में लगभग 44,000 लाइटों को एलईडी में बदलने का कार्य तेजी से जारी है और दिवाली से पहले राजधानी जगमगाती नजर आएगी। मुख्यमंत्री ने गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज के पास रिंग रोड से जुड़ने वाली नई सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि कॉलेज के पीछे लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे रिंग रोड तक सीधा आवागमन सुगम हो जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में, मुख्यमंत्री ने हैदरपुर में एक नए पीएम श्री स्कूल की स्थापना की घोषणा की। लगभग 5,000 गज भूमि पर बनने वाला यह विद्यालय क्षेत्र का पहला बारहवीं तक का स्कूल होगा, जहां विज्ञान और अंग्रेज़ी माध्यम की पढ़ाई उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त हैदरपुर में एक नया कम्युनिटी हॉल स्वीकृत किया गया है तथा शालीमार बाग के सीए ब्लॉक में योगा सेंटर की आधारशिला भी रखी गई। इसके साथ ही शालीमार बाग विधानसभा में 8 करोड़ की लागत से अंडरग्राउंड वायरिंग प्रोजेक्ट पूरा किया गया है, जिससे बीएच ईस्ट ब्लॉक की सभी गलियाँ अब बिना तारों और खंभों के साफ और व्यवस्थित नजर आएंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगलपुर गांव की संकरी सड़क को चौड़ा किया जा रहा है ताकि एक समय में चार गाड़ियाँ गुजर सकें और यह सड़क सीधे रिंग रोड से जुड़ जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ है, वे केवल शालीमार बाग ही नहीं बल्कि पूरे दिल्ली के लिए एक नई शुरुआत हैं। पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वच्छता – इन सभी क्षेत्रों में विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता के सहयोग और विश्वास से हम विकसित दिल्ली, विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र से गुजरने वाली मुनक नहर दिल्ली को पानी उपलब्ध कराने वाली एक इंजीनियर नहर है, इसलिए इसकी सुरक्षा और स्वच्छता अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुनक नहर के रखरखाव का अधिकार अब दिल्ली सरकार को सौंपा जा रहा है। इस संबंध में एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। नहर का मेंटेनेंस दिल्ली सरकार के पास आने के बाद दोनों ओर बैरीगेटिंग की जाएगी और छठ पूजा के लिए समुचित घाट तैयार किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ और दिवाली से पहले नहर को पूरी तरह साफ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे नहर में कूड़ा-कचरा न डालें और इसे संरक्षित रखने में सहयोग दें। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की मदद से 5,000 करोड़ रुपये की लागत से मुनक नहर पर सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है और इसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार से प्राप्त 40 करोड़ रुपये की राशि से इंद्रलोक से आउटर रिंग रोड तक नया छठ घाट विकसित किया जाएगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments